पत्थलगांव 11 मार्च (रमेश शर्मा)
जशपुर वन मंडल के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के ग्राम बूढाडाढ के समीप एक अस्वस्थ हाथी मिला है। रिहायशी इलाके के समीप जंगली हाथी जमीन पर लेटा हुआ मिलने से हड़कंप मच गई है। हाथी को इस स्थिति में देखकर ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित करने के बाद यहां वन विभाग का अमला इस हाथी की देखरेख करने में जुट गया है।
जशपुर वन मंडल अधिकारी शशि कुमार ने बताया कि विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ को हाथी से दूर रहने की हिदायत देकर चिकत्सकों की टीम को भी बुला लिया है।
चिकित्सकों के अनुसार हाथी जीवित है और हल्का-फुल्का मूवमेंट भी कर रहा है।
फिलहाल पशु चिकित्सा विभाग की टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाथी किस कारण से अस्वस्थ होकर जमीन पर लेटा हुआ है।
आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से यंहा दर्जन भर हाथियों का दल विचरण करते हुए देखा गया था। हाथियों के इस दल ने आसपास के अनेक किसानों के गेंहूँ और सागसब्जी के खेतों फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इसके बाद एक दिन पहले ही हाथियों का यह दल पड़ोसी रायगढ़ जिले के बाकारुमा की ओर जा चुका है।
यंहा पर मिला अस्वस्थ हाथी को उसी दल का सदस्य बताया जा रहा है।
पत्थलगांव वन विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हाथी का उपचार के लिए अम्बिकापुर से भी पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों को बुलाया गया है।

















