रायगढ़। देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति, समाजसेवी और कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में जेएसपी रायगढ़ के जिंदल सेंटर में आयोजित दो दिवसीय विशेष फोटो प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक समापन हुआ। रायगढ़ दृष्टि और केके फिल्म्स के डायरेक्टर कमल शर्मा द्वारा संयोजित इस प्रदर्शनी ने आगंतुकों को श्री जिंदल के जीवन के अनछुए पहलुओं से रूबरू कराया।

भव्य उद्घाटन और गरिमामयी उपस्थिति
प्रदर्शनी का शुभारंभ जिंदल स्टील के वाइस चेयरमैन वी.आर. शर्मा और कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट संजीव चौहान, रामकिशोर जिन्दल, सीएचआरओ प्रवीण जॉर्ज, आशीष गेरा, अंशु रैना, मनोज अवस्थी, हेमंत वर्मा, पारस पाठक और हेमंत मल्लिक सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उपस्थित अतिथियों ने कमल शर्मा के इस ऐतिहासिक संग्रह की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। और कहा कि “27 वर्षों तक किसी व्यक्ति के जीवन के विभिन्न पड़ावों को इतनी बारीकी और कलात्मकता से कैमरे में कैद करना अपने आप में एक साधना है। कमल शर्मा ने इन तस्वीरों के माध्यम से नवीन जिन्दल जी की उपलब्धियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित कर दिया है।”

तस्वीरों में कैद 27 वर्षों का सफर
इस प्रदर्शनी की सबसे बड़ी विशेषता कमल शर्मा का 27 वर्षों का दुर्लभ फोटोग्राफिक संग्रह था। प्रदर्शनी में नवीन जिन्दल को केवल एक सफल उद्योगपति के रूप में ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील राजनेता, कुशल खिलाड़ी और समर्पित समाजसेवी के रूप में भी दिखाया गया। इस अवसर पर नवीन जिंदल के जीवन से जुड़ी यादों को संजोए एक विशेष फोटो एल्बम का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया।

शहर और उद्योग जगत की उमड़ी भीड़
दो दिनों तक चली इस प्रदर्शनी को देखने के लिए जेएसपी के अधिकारी-कर्मचारियों, उनके परिजनों और रायगढ़ शहर के गणमान्य नागरिकों का तांता लगा रहा। रायगढ़ की एम डब्ल्यू एश टीम से दीपक डोरा, विमल मित्तल, राजेश अग्रवाल (पिंटू), संजय खेमका और चंद्रकांत पंजाबी ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संकलन की सराहना की। इस अवसर पर व्यापारी व समाजसेवी बजरंग मित्तल और कमल मित्तल भी पहुचे। आगंतुकों ने कहा कि ये तस्वीरें प्रेरणा का स्रोत हैं, जो दर्शाती हैं कि कैसे एक व्यक्ति अपनी दूरदर्शिता और मेहनत से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकता है।

















