पत्थलगांव 16 नवंबर ( रमेश शर्मा )
सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक गोमती साय का कहना है कि पत्थलगांव को जिला बनाने की खातिर स्थानीय सामाजिक संगठन को आगे आना होगा। इस मांग को पूरा कराने के लिए वे आज भी दृढ़संकल्पित हैं।
पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने ” राज-काज न्यूज ” से चर्चा के दौरान कहा कि वे पत्थलगांव को जिला बनाने का अपना वायदा को लेकर आज भी अडिग हैं। इस के लिए सामाजिक संगठन को अपनी मजबूत एकजुटता के साथ आगे आना होगा।
विधायक गोमती साय ने कहा कि पत्थलगांव, जशपुर जिले का एक प्रमुख तहसील मुख्यालय है, जो सरगुजा संभाग के अंतर्गत आता है। यह क्षेत्र आदिवासी बहुल है और प्राकृतिक संसाधनों (जैसे वन और खनिज) से समृद्ध होने के बावजूद विकास के मामले में पिछड़ा रहा है। दशकों से यहां के निवासियों द्वारा जिला बनाने की मांग उठ रही है, मुख्य रूप से प्रशासनिक सुविधा, बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के लिए। हालांकि, वर्तमान में छत्तीसगढ़ में कुल 33 जिले हैं, और पत्थलगांव को जिला बनाने की मांग अभी भी लंबित है।

पत्थलगांव जनपद में सरपंच संघ के अध्यक्ष रोशन प्रताप सिंह का कहना है कि पत्थलगांव को जिला बनाने की मांग 1990 के दशक से जोर पकड़ चुकी है। रोशन प्रताप का कहना है कि जशपुर जिला मुख्यालय से पत्थलगांव की दूरी 100 किमी से अधिक है इस कारण प्रशासनिक सेवाएं जैसे न्यायालय, स्वास्थ्य और शिक्षा पहुंच से बाहर हैं। क्षेत्र में कृषि, वन उत्पाद और छोटे उद्योगों की संभावनाएं हैं, लेकिन जिला न होने से विकास रुका हुआ है। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा पत्थलगांव के अध्यक्ष हरजीत सिंह भाटिया, सरगुजा संभाग अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, समाजसेवी सुनील अग्रवाल, रामलाल अग्रवाल, रविंद्र सिंह भाटिया, प्रितपाल सिंह, अनिल मित्तल, बिश्शु शर्मा, संजय तिवारी पत्रकार नीरज गुप्ता, जैसे सभी जिम्मेदार लोगों ने इसे दशकों पुरानी मांग बताते हुए इसका पूरजोर समर्थन किया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल का कहना है कि हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने प्रशासनिक विकेंद्रीकरण पर जोर दिया है, इसी के तहत पत्थलगांव को नगर पंचायत से नगर पालिका बनाने की अधिसूचना जारी हुई, जो विकास की दिशा में सकारात्मक कदम है। इसमें मॉडर्न बस स्टैंड और सड़क चौड़ीकरण निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं। पत्थलगांव में नगर पालिका और अतिरिक्त कलेक्टर,अति.पुलिस अधीक्षक की भी पदस्थापना करने की घोषणा हो चुकी है लेकिन नए जिलों पर अभी घोषणा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पत्थलगांव क्षेत्र के लोगों को इस घोषणा का लम्बे समय से बेकरारी से इंतजार है।













