जशपुरनगर, 05 अक्टूबर (रमेश शर्मा)अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त आब्जर्वर राकेश ठाकुर का जशपुर प्रवास से पहले ही कांग्रेस नेताओं में सरगर्मी तेज हो गई है।

कांग्रेस का केन्द्रीय नेतृत्व ने जशपुर जिला कांग्रेस आब्जर्वर राकेश ठाकुर को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके साथ कांग्रेस नेता धनेंदर साहु,अमरजीत चावला , विधायक सावित्री मंडावी की टीम यहां सलाह मशविरा के लिए पहुंच रही है। कांग्रेस नेताओं की यह टीम पत्थलगांव में पार्टी संगठन की मजबूती और विस्तार को लेकर पहली बैठक लेगी। इस बैठक से पहले ही कांग्रेस के भीतर जगह जगह सरगर्मी शुरू हो गई है। जशपुर जिले में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने के लिए इस बार कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील गुप्ता,पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष मनोज सागर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन अग्रवाल, जशपुर के अनोज गुप्ता, पत्थलगांव के मनोज तिवारी के अलावा लुड़ेग से महेंद्र अग्रवाल और पत्थलगांव बगीचा से ही कई नाम सामने आ रहे हैं। लेकिन इस भीड़ में कांग्रेस को सुदृढ़ बनाने वाले नाम पर ही गहन मंथन किया जाएगा।
हालांकि मौजूदा दौर में जशपुर जिले में कांग्रेस पार्टी के नेता बिजली सड़क और विकास के मुद्दों को लेकर विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम साबित हो रहे हैं । लेकिन पार्टी का नया संगठन की चर्चा के बाद सभी नेता अपनी सक्रियता दिखाते नजर आ रहे हैं

कांग्रेस नेताओं की टीम यंहा ग्रामीण और शहरी कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद आगामी कार्यक्रम तय करेगी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी की रणनीति पर विचार-विमर्श करना और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक रोड मैप तैयार करना है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि इस बार जमीनी स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता को मौका मिलेगा।संगठन सृजन अभियान के तहत प्रत्येक बूथ और ब्लॉक स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका को परिभाषित करना तथा स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से संगठन के पुनर्गठन और महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के संबंध में उनके सुझाव और सिफारिशें लेकर जमीनी स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं से चर्चा की जाएगी।
जशपुर जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षों और जिला अध्यक्ष शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के नाम का पैनल बनाकर दिल्ली भेजा जाएगा।















