जशपुरनगर 07 अक्टूबर (रमेश शर्मा)
जशपुर जिले में प्रशासनिक अधिकारियों की चुस्त दुरुस्त व्यवस्था के बजाय जगह जगह ग़ैर ज़िम्मेदार लापरवाही का रवैया ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
फरसाबहार जनपद के ग्रामीण इलाकों से रेत पत्थर का अवैध उत्खनन से सड़क बदहाल हो गई है। इस अव्यवस्था से अधिकारियों की अनदेखी से क्षुब्ध होकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। फरसाबहार क्षेत्र में ग्रामीणों के ऐसे ही आक्रोश के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कानून व्यवस्था सम्हालनी पड़ी।
दरअसल, फरसाबहार जनपद पंचायत में सरकार की मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों की जांच परख नहीं होने से भारी भरकम आबंटन भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जा रहा है।
सबसे बड़ी विडम्बना यह है कि जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों की इसी लापरवाही से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की स्वच्छ छवि पर भी सवालिया निशान लगने लगा है।
इन दिनों फरसाबहार और पत्थलगांव जनपद पंचायत में जनपद अधिकारियों व्दारा सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन कार्यालय में ही बैठ कर ही पूर्णता का प्रमाण पत्र दे दिया जा रहा है। जिससे सरकारी आबंटन का दुरुपयोग होकर लोगों को कल्याण कारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
फरसाबहार जनपद अधिकारी की ग्रामीण सड़क योजना के निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही से परेशान ग्रामीणों को विरोध प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ रहा है।

फरसाबहार क्षेत्र में ग्राम पंचायत भेंडरीडांड़ का आश्रित ग्राम धनपुर में सड़क निर्माण का घटिया कार्य के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान तुमला पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों से अनुनय विनय करके कानून व्यवस्था को सम्हाला।
इन दिनों जनपद कार्यालय में बैठ कर सरपंच सचिव व्दारा निर्माण कार्य का भुगतान आहरण कर लिया जा रहा है। कई ग्राम पंचायत की इसी बदहाली से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
पत्थलगांव जनपद में सरपंच संघ के अध्यक्ष रोशन प्रताप सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले में प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन कराने की जरूरत है। इसके अभाव में गांव के जरुरतमंद लोगों को लाभान्वित कर पाना संभव नहीं है।
क्या कहते हैं जनपद पंचायत सीईओ
फरसाबहार जनपद पंचायत के CEO मिथलेश पैंकरा ने आज बताया जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन के मामले में रेत और पत्थर का अवैध उत्खनन की बात सामने आई है।
उन्होंने बताया कि इस पर SDM फरसाबहार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में रेत और पत्थरों का अवैध उत्खनन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीईओ का कहना है कि इस जर्जर हालत की सड़क की जल्दी ही दुरस्त करा दिया जाएगा।















