पत्थलगांव 03 ( रमेश शर्मा )
जिला प्रशासन इन दिनों धान खरीदी केंद्रों में बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए हुए है। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में सभी आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधकों ने भी वास्तविक किसान और बिचौलियों की जांच के दौरान सख्त रवैया अपनाया जा रहा है।
पत्थलगांव स्थानीय प्रशासन की टीम ने मंगलवार को तमता धान खरीदी केंद्र में औचक निरीक्षण में एक बिचौलिया व्दारा ऑनलाइन धान बिक्री का टोकन कटा कर हेराफेरी करने का बड़ा मामला पकड़ा है। इस जांच में तहसीलदार प्रांजल मिश्रा एवं भीष्म पटेल की टीम ने तत्परता से कार्रवाई कर बिचौलिया को रंगे हाथों धर दबोचा है। तमता धान उपार्जन केन्द्र में राजस्व विभाग की इस कार्रवाई के बाद बिचौलियों में हड़कंप मच गई है।

जानकारी के अनुसार स्थानीय प्रशासन को सूचना मिली थी कि एक किसान अपना वास्तविक स्टॉक खत्म होने के बावजूद बिचौलियों के माध्यम से धान विक्रय करने की जुगाड़ किया जा रहा है।
जांच में पाया गया कि किसान फुलजन बड़ा ने 01/12/2025 को 100 क्विंटल का ऑनलाइन टोकन कटाया था, जिसमें से उसने 61.20 क्विंटल धान विक्रय किया था। मंगलवार को दोबारा उसने 76 क्विंटल का नया ऑनलाइन टोकन कटवाकर धान केंद्र में पहुंचाया। राजस्व अधिकारी की टीम ने इस मामले में सख्ती से पूछताछ करने पर किसान ने स्वीकार किया कि यह धान उसके टोकन पर दिलेश्वर यादव द्वारा विक्रय हेतु लाया गया था। निरीक्षण टीम ने मौके पर लाए गए 90 बोरी धान को जप्त कर समिति प्रबंधक के सुपुर्द कर दिया। साथ ही किसान के शेष रकबे का तुरंत समर्पण भी कराया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता, बिचौलिए की भूमिका के जरिए धान विक्रय की कोशिश पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
















