संभागीय अग्रवाल महासभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन अग्रवाल सहित नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान
पत्थलगांव
मौजूदा दौर में अग्रवाल समाज की महिलाओं पर परिवार में बेटी और बेटों को बेहतर संस्कार देने की अहम जिम्मेदारी बढ़ गई है। इसके आभाव में विवाह के बाद जैसी रिश्ते टूटने लगे हैं। इस कड़ूवाहट पर विराम लगाने की जरूरत है। उक्त बातें सोमवार को पत्थलगांव में सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथग्रहण समारोह की अध्यक्षता कर रहे सुनिल रामदास अग्रवाल ने कही।

उन्होंने कहा कि हमारे समाज में अब बच्चों के वैवाहिक रिश्ते विलंब से हो रहें हैं, इसके साथ ही कुछ वैवाहिक रिश्ते टूट कर बिखरने लगे हैं।यह स्थिति उचित नहीं है। अग्रवाल समाज की महिला संगठन को इस दिशा में ठोस पहल करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि माताओं को विवाह से पहले फोन पर लम्बी वार्तालाप और शादी के बाद अपनी बेवजह की दखल से बचना होगा।
सुनिल रामदास अग्रवाल ने कहा कि हमारा सामाजिक संगठन का मुख्य काम व्यापार है। इन दिनों जीएसटी के नियमों की सख़्ती बढ़ा दिए जाने से अक्सर जांच और दूसरी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस तनाव से बचने के लिए व्यापार को साफ सुथरा बनाने की ओर ध्यान देना होगा।
पत्थलगांव के अग्रसेन भवन में आयोजित इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण किया। अग्रवाल सभा पत्थलगांव के आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में सरगुजा संभाग के सभी जिलों से पहुंचे 300 से अधिक अग्रज प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में शिरकत की थी।

मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमैन अशोक मोदी (कोरबा) और कार्यक्रम अध्यक्ष सुनील रामदास अग्रवाल (कोरबा) की उपस्थिति में वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कुमार गोयल (सूरजपुर) ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में पूर्व संभागीय अध्यक्ष चरण सिंह अग्रवाल, राजेन्द्र प्रसाद अग्रवाल, गौरीशंकर अग्रवाल, श्रीनिवास केडिया और अन्य गणमान्य मंचासीन रहे।
अग्रवाल सभा पत्थलगांव, महिला मण्डल और नवयुवक समिति ने अतिथियों का दुपट्टा, माला और आकर्षक कीट भेंटकर स्वागत किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने अपने सामाजिक विजन को साझा करते हुए समाज कल्याण और संगठन को मजबूत करने का संकल्प जताया। कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष गोयल, महासचिव सुनील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल और कार्यालय उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने भी शपथ ली।
मंच संचालन सुनिल अग्रवाल सूरजपुर और प्रवीण कुमार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन आशीष अग्रवाल ने व्यक्त किया। जशपुर, बलरामपुर, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर सहित संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया।















