बगीचा 11 नवंबर
बगीचा नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा का कहना था कि
खंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की ऊर्जा और प्रतिभा का प्रतीक है। यदि स्कूलों की खेल प्रतिभाएं इसे नियमित और व्यवस्थित रूप से अपना कर अभ्यास करें तो यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का “खेलो इंडिया” जैसे राष्ट्रीय अभियान को मजबूती प्रदान करेगा। दिनेश शर्मा ने कहा कि इसके लिए आवश्यकता है सभी स्कूलों में अभिभावक और अन्य जिम्मेदार लोग खिलाड़ियों को भरपूर प्रोत्साहित करें।
बगीचा खेल मैदान में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का समापन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक काफी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
विकास खंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पटेल ने कहा कि खंड स्तरीय खेल महोत्सव एक ऐसा आयोजन है जो ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के युवाओं को खेलों के माध्यम से एकजुट करता है। सांसद खेल महोत्सव न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देता है, बल्कि सामाजिक एकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास भी करता है। खंड स्तर पर आयोजित होने के कारण यह स्थानीय प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
सांसद खेल महोत्सव में सामूहिक तथा व्यक्तिगत खेलों में बालक एवं बालिका खिलाड़ी शामिल हुए। सामुहिक खेलो में 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, फुगड़ी, कबड्डी, खो-खो, बॉलीबाल, गेड़ी दौड़ और रस्साकस्सी विकासखंड स्तर पर आयोजित किया गया। जिसमें 52 संकुल से 10 जोन के खिलाड़ी शामिल हुए।



खेल के दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए जनपद अध्यक्ष श्रीमती गायत्री नागेश कबड्डी के मैदान में खुद ही उतर गई और अपने शानदार खेल से टीम को जीत भी दिलाई जिससे खिलाड़ियों में उत्साह बना रहा।नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेलों का हमारे जीवन मे अहम योगदान है। जो हमे संयम,अनुशासन, स्वस्थ जीवन और अपने लक्ष्य में आगे बढ़ने के लिए दिशा प्रदान करती है। इसलिये हमे पढ़ाई के साथ साथ अपने जीवन मे खेल को भी महत्व देना चाहिये। जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि हमे खेल को खिलाड़ी भावना के साथ खेलना चाहिए हार जीत लगी रहती है। जब कोई हारेगा नही तो कोई जीतेगा कैसे इसलिये खेल में दोनो टीमों का योगदान होता है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश,उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा,बीडीसी सुश्री सविता नागेश, ललित नागेश की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस दौरान जनपद सीईओ विनोद सिंह,बीइओ सुदर्शन पटेल,सभी संकुल के पीटीआई ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।















