पत्थलगांव 07 दिसम्बर ( रमेश शर्मा)
पत्थलगांव में नेशनल हाईवे 43 पर रात के अंधेरे में मरम्मत का बेहद घटिया निर्माण देखकर आज भाजपा नेताओं ने ही आगे आकर नवनिर्मित सड़क को जेसीबी मशीन की मदद से उखड़वा दिया । करोड़ों रुपए का मरम्मत कार्य की लिपापोती करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कार्यालय में शिकायत भेज दी गई है। पत्थलगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने दो टूक शब्दों में NH अधिकारियों को कह दिया है कि इस तरह का घटिया निर्माण कार्य के मामलों को लेकर कोई समझौता नहीं किया जा सकता है।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का सख्त रुख और विरोध का स्वर को देखकर एनएच विभाग के अधिकारी के चेहरे पर ठंड में भी पसीने के बुंदे दिखाई दे रही थी। NH अधिकारियों ने मौके पर पहुँच कर स्थल का निरीक्षण किया और जांच में ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन निर्माण की पुष्टि की गई। इसके बाद सत्ता पक्ष के लोगों की मांग पर जेसीबी बुलवाकर सड़क को उखाड़ दिया गया, ताकि दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जा सके।शहर के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी का सख्त रुख को देखकर जमकर सराहना की गई।

















