कुनकुरी 17 अगस्त
श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दूसरे दिन भी महकुल समाज के लोगों में भारी उत्साह देखा गया।
कुनकुरी , पत्थलगांव और फरसाबहार क्षेत्र में दूसरे दिन भी बड़े धूमधाम से भगवान कृष्ण के पैर पखार कर जन्माष्टमी महोत्सव मनाया गया ,
इस मौके पर खासकर ग्राम गरियादोहर के महाकुल समाज द्वारा बीते तीन पीढ़ियों से लगातार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन कर इस वर्ष भी पूरे धूमधाम और परंपरा के साथ मनाया गया।आप को बता दें कि पहले दिन मध्यरात्रि को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधिविधान से संपन्न हुआ। वहीं दूसरे दिन सुबह से ही नगर भ्रमण की शुरुआत हुई। इस दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार श्रीकृष्ण जी का पांव पखार कर पूजा-अर्चना की।
भक्तों का उत्साह इतना था कि हर गली, हर चौराहे पर कृष्णमय वातावरण देखने को मिला।
इसी बीच कंचनपुर कीर्तन मंडली ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। मंडली के गायक आदर्श प्रधान ने जब कृष्ण भक्ति से ओतप्रोत गीत और पद प्रस्तुत किए, तो श्रद्धालु झूम उठे। कीर्तन की ताल और संगीत की लय पर देर रात तक भक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का समापन भोर की आरती और प्रसाद वितरण के साथ किया गया















