जशपुर 01 दिसंबर ( रमेश शर्मा )
जशपुर जिले की बगीचा तहसील में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामलों में राजस्व और पुलिस अधिकारियों की खामोशी की वजह से यंहा अक्सर खूनी संघर्ष की स्थिति निर्मित हो रही है।
दो दिन पहले बगीचा थाना क्षेत्र में इसी तरह का मामला में हुआ खूनी संघर्ष की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफतार अवश्य कर लिया है लेकिन इस तरह के विवादों को बढ़ावा देने वाले राजस्व कर्मियों को दंडित करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

दरअसल , बगीचा,पंडरापाठ क्षेत्र के सौ से अधिक गांवों में लम्बे समय से शासकीय भूमि पर बेजाकब्जा करने की खातिर आपाधापी मची रहती है। यंहा पदस्थ राजस्व के अधिकारी और विभाग का जमीनी अमला शासकीय भूमि को बेजाकब्जा धारियों से बचाने की खातिर शिकायत के बाद ठोस कार्रवाई नहीं करते हैं। इसी वजह शासकीय भूमि पर तेजी से बेजाकब्जा और दो पक्षों में खूनी संघर्ष जैसा विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है।
बगीचा क्षेत्र के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का कहना है कि शासकीय भूमि पर बेजाकब्जा की शिकायतों पर राजस्व और पुलिस के उच्च अधिकारियों को गंभीरता से ठोस कार्रवाई करने की जरूरत है, इसके अभाव में ही यंहा जगह जगह शासकीय भूमि खरीदने वाले दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। इस अंचल में कीमती और विवादित शासकीय भूमि को चिन्हित कर ये दलाल प्रभावशाली बेजाकब्जाधारी को कानून व्यवस्था का रास्ता दिखा विवाद को और अधिक गहरा दे रहे हैं। बगीचा और पंडरापाठ थानों में शासकीय भूमि विवाद आधा दर्जन मामलों के साथ राजस्व विभाग के सैकड़ों विवादित मामले लंबित पड़े हैं। उच्च अधिकारियों की समीक्षा के दौरान ऐसे मामल सामने नहीं आ पाने से ही बार बार खूनी संघर्ष की स्थिति निर्मित हो रही है।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह का कहना है कि है कि दिनांक 30.11.25 को प्रार्थी सज्जन राम नगेसिया उम्र 58 वर्ष, निवासी ग्राम भट्टी कोना ने बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसका व आरोपी देवनन्दन यादव के परिवार के मध्य ग्राम भट्ठी कोना में स्थित एक शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 221/1 के कब्जे को लेकर काफी पुराने समय से विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रार्थी , भट्ठी कोना में ही अपने कब्जे की एक अन्य शासकीय जमीन खसरा क्रमांक 221/3 में घेरा लगाने हेतु अपने परिवार के साथ गया था , तथा उक्त भूमि में अपने बेटे के साथ हल जोत रहा था उसी वक्त आरोपी देव नंदन , अपने परिवार के साथ, प्रार्थी के खेत में पहुंचा, व प्रार्थी के खेत में घेरा लगाने हेतु लगाए गए खंभे को उखाड़ने लगा। वे अपने साथ लाठी – डंडे, पत्थर व कुल्हाड़ी लेकर आए थे। जिससे उनके द्वारा प्रार्थी के परिवार पर हमला कर दिया गया। आरोपी देवनन्दन के साथ आए, एक अन्य आरोपी राजेश यादव जो कि अपने पास कुल्हाड़ी रखा था, उसने प्रार्थी के बेटे के सिर पर संचालित वार कर दिया, जिससे उसके बेटे के सिर से खून बहने लगा व व वह बेहोश हो गया,
आरोपी देवनन्दन व उसके परिवार के सदस्यों के द्वारा किए गए हमले से प्रार्थी व उसके बेटे, बेटी व परिवार के अन्य सदस्यों को भी काफी चोट आई है।
बगीचा थाना पुलिस ने इस खूनी संघर्ष के मामले में कार्यवाही करते हुए आरोपी पक्ष से चार आरोपी क्रमशः 1. देवनन्दन यादव ,2. केशव प्रसाद यादव , 3. राजेश यादव और चौथा वनडे रामस्नेही यादव उम्र 36 वर्ष सभी निवासी ग्राम झापी दरहा थाना बगीचा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।















