जशपुरनगर, 12 अक्टूबर ( रमेश शर्मा )
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत नियुक्त आब्जर्वर राजेश ठाकुर का जशपुर प्रवास से पहले ही कांग्रेस नेताओं में सरगर्मी तेज हो गई है।
कांग्रेस का केन्द्रीय नेतृत्व ने जशपुर जिला में झारखंड बिहार से कांग्रेस के तेजतर्रार नेता राजेश ठाकुर को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। आब्जर्वर राजेश ठाकुर ने 15 अक्टूबर को अपना पत्थलगांव प्रवास के साथ अन्य सभी विकास खंड की तिथियां निर्धारित कर दी है।

पत्थलगांव के कांग्रेस नेता मनोज तिवारी का कहना है कि इस जिले कांग्रेस का संगठन निर्विवाद हाथों को सौंपे जाने से ही कांग्रेस को पहले की तरह सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिले में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उर्जा की कमी नहीं है लेकिन आपस की गुटबाजी से पार्टी की एकजुटता के बाद भी विरोधी पार्टी को इसका लाभ मिल जाता है।
कांग्रेस आब्जर्वर के साथ छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेता धनेंदर साहु,अमरजीत चावला , विधायक सावित्री मंडावी की टीम यहां सलाह मशविरा के लिए पहुंच रही है।
कांग्रेस नेताओं की यह टीम पत्थलगांव में पार्टी संगठन की मजबूती और विस्तार को लेकर 15 अक्टूबर को पहली बैठक लेगी। इस बैठक से पहले ही जशपुर जिले में कांग्रेस के भीतर जगह जगह सरगर्मी शुरू हो गई है।
जशपुर जिले में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने के लिए इस बार मौजूदा अध्यक्ष मनोज सागर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन अग्रवाल, जशपुर के अनोज गुप्ता के अलावा पूर्व विधायक यूडी मिंज, महेंद्र अग्रववाल जैसे कई नाम सामने आ रहे हैं।
लेकिन सन्ना, मनोरा, दुलदुला बगीचा जैसे कांग्रेस के मजबूत कहे जाने वाले क्षेत्र से कांग्रेस को सुदृढ़ बनाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसी बेहतर नाम पर ही गहन मंथन करने का आग्रह किया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सभी को एक साथ लेकर चलने के साथ कांग्रेस की नियमित बैठकें लेने से ही कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है।
फिलहाल कांग्रेस आब्जर्वर की बैठक को लेकर सभी कांग्रेसी नेता अपनी सक्रियता दिखाते नजर आ रहे हैं। इनमें कांग्रेस के ऐसे भी जिम्मेदार पदाधिकारी शामिल हैं जिन्होंने जशपुर जिले में कांग्रेस की मुश्किल घड़ी के दौरान दूर बैठ कर किनारा काट लिया था। अब देखना होगा कि कभी कांग्रेस का मजबूत गढ़ कहलाने वाला जशपुर जिले में किस को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी …।
कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि यंहा ऐसा दमदार चेहरा जो प्रशासन और विरोधी पार्टी के हथकंडों से उपर उठकर समर्पित होकर कांग्रेस को सुदृढ़ बना सके तो काफी अच्छे चुनाव परिणाम आ सकते हैं।















