पत्थलगांव 14 सितम्बर
पत्थलगांव शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ आज शहर कांग्रेस की अगुवाई कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरियाणा पंचायती धर्मशाला के सामने एकत्र होकर मुख्यमंत्री और बिजली विभाग का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस बल की भारी तैनाती रही। पुतला दहन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई।

अधजले पुतले को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए इंदिरा चौक तक रैली निकालते नज़र आए। रैली में शामिल कुछ ग्रामीण महिलाएं भी बिजली कटौती और अधिक बिल आने को लेकर आक्रोशित दिखीं।
प्रदेश महामंत्री श्रीमती आरती सिंह ने कहा कि “हर आधे घंटे में हो रही बिजली कटौती के खिलाफ यह आंदोलन कांग्रेस द्वारा किया गया है।
कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “प्रदेश में विष्णुदेव सरकार पूरी तरह नाकारा साबित हो चुकी है। बढ़े हुए बिजली बिल से जनता पहले ही परेशान है और अब बार-बार हो रही अघोषित कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
इस प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव मनोज तिवारी ने कहा पत्थलगांव में विद्युत विभाग का संभागीय कार्यालय होने के बाद भी यंहा काफी लचर व्यवस्था है। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अंकित शर्मा, पार्षद अशोक गुप्ता एवं संजय तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले में विद्युत आपूर्ति की बेहद दयनीय स्थिति के लिए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
















