रायगढ़ / राजकाज न्यूज़ ब्यूरो: अखिल भारतीय बार परीक्षा (AIBE) के परिणाम घोषित होने के बाद विधि (Law) के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है।
राजकाज न्यूज़ के यूनिट हेड अंकित गोरख के भाई अंकुर गोरख ने इस प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षा को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर कानूनी क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस शानदार सफलता के साथ ही अब वे आधिकारिक तौर पर अधिवक्ता (Advocate) बन गए हैं, जिससे उनके परिवार, मित्रों और पत्रकारिता जगत में खुशी की लहर है।
देशभर से शामिल हुए थे 1.65 लाख अभ्यर्थी
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) द्वारा आयोजित होने वाली यह परीक्षा देश के कानून स्नातकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इस वर्ष देशभर से लगभग 1 लाख 65 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था। कड़े मुकाबले और उच्च मानकों वाली इस परीक्षा में केवल 65.9 प्रतिशत अभ्यर्थी ही सफलता का परचम लहराने में कामयाब रहे, जिनमें रायगढ़ के अंकुर गोरख ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जगह बनाई।
घर में पहले से हैं 10 साल का कानूनी अनुभव, अब कोर्ट रूम में दिखेगी दंपत्ति की चमक..
अंकुर गोरख की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ पारिवारिक प्रेरणा और मार्गदर्शन की भी बड़ी भूमिका रही है। विशेष बात यह है कि उनकी अर्धांगिनी अश्लीन कौर बग्गा गोरख पिछले 10 वर्षों से कानूनी क्षेत्र में एक सफल अधिवक्ता के रूप में निरंतर कार्यरत हैं।
अश्लीन कौर के एक दशक लंबे कानूनी अनुभव और सहयोग ने अंकुर की इस यात्रा को और अधिक संबल दिया। अब यह अधिवक्ता दंपत्ति न्याय और विधि के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
राजकाज न्यूज़ परिवार और शुभचिंतकों ने दी बधाई
अंकुर गोरख के अधिवक्ता बनने पर राजकाज न्यूज़ परिवार, स्थानीय वरिष्ठ वकीलों, न्यायविदों, पत्रकारों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। यूनिट हेड अंकित गोरख को भी भाई की इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। लोगों का विश्वास है कि अंकुर अपनी निष्ठा, सत्यनिष्ठा और कानूनी समझ से समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
















