पत्थलगांव 26 मार्च (रमेश शर्मा)
पत्थलगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिमकी कोकियाखार निवासी दिव्यांग धनेश्वर साय यादव ने आज विधायक गोमती साय का जनसुनवाई कार्यक्रम में जब उनके कार्यालय पहुंच कर अपनी परेशानी सुनाई तो उसे तत्काल ट्राय सायकल प्रदान कर दी गई।
विधायक का जनसुनवाई कार्यक्रम में जब दिव्यांग को हाथोंहाथ ट्राय सायकल मिली तो धनेश्वर साय यादव की खुशी का ठिकाना नहीं था। इस दिव्यांग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उसे आने-जाने में असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके पहले उसे अपने दैनिक कार्यों में काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। विशेष रूप से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है।कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सिंह, हरजीत भाटिया, कुंदन शर्मा, अवधेश गुप्ता, संजय लोहिया, रूपसिंग राठिया, बाल श्याम चौहान, नरेश यादव, जीतू अग्रवाल, जनपद अधिकारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दरअसल, विधायक गोमती साय ने अपने क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्या का समाधान के लिये पत्थलगांव मे ही कैंप कार्यालय खोल रखा है। यंहा कोतबा, बागबहार, तमता, तिलडेगा सहित अन्य क्षेत्र के लोगों की हर समय उपस्थिति देखने को मिलती है। छोटी बड़ी समस्याओं का निदान के लिए विधायक का कार्यकाल वरदान साबित हो जाता है।















