दुर्ग डेस्क -17 दिसंबर – आज से दुर्ग के नगपुरा ग्राम पंचायत के प्रसिद्ध श्री जैन तीर्थस्थल के समीप मैदान में भक्ति रस की गंगा का प्रवाह श्री शिव महापुराण की कथा के आयोजन के साथ प्रारंभ होगा तथा 21 दिसंबर तक ये आयोजन चलेगा।
इसके पहले बस्तर के दंतेवाड़ा जिले के गीदम में भी इसी माह 07 से 13 दिसंबर तक कथा का सफल आयोजन संपन्न हुआ है जिसमें लाखों श्रद्धालुओं को भगवान के भक्ति में सराबोर होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ तथा बस्तर क्षेत्र में धर्म चेतना एवं भक्ति जागरण का नव संचार हुआ है।
श्री शिव महापुराण कथा का वाचन देश के सुविख्यात कथाकार तथा भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) के श्रीमुख से होगा, रोजाना दोपहर 01 से 04 बजे तक होने वाली इस कथा को श्रद्धालु जन आस्था चैनल पर लाइव टीवी के माध्यम से भी देख सकेंगे। इस भव्य एवं दिव्य कार्यक्रम की तैयारियों आयोजन समिति ने पूरी कर ली हैं जिसमें लाखों श्रद्धालुओं का हुजूम आने की संभावना है।

प्रदीप मिश्रा जी पहुंचे ग्राम हालेकोसा – कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर आचार्य प्रदीप मिश्रा का भी सीहोर से ग्राम हालेकोसा आगमन हुआ जहां उनके शिष्य दिनेश साहू एवं परिवार समेत सभी ग्रामवासियों ने आत्मीयता के साथ अपने गुरुदेव का आरती उतार कर पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन एवं स्वागत किया गया।

प्रशासन एवं पुलिस ने भी कसी कमर – व्यवस्था चाक चौबंद करने के लिए कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्र में पार्किंग, यातायात, और भीड़भाड़ तथा कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के आने जाने एवं वीआईपी मूवमेंट के लिए व्यवस्था बनाने तथा उसके संचालन लिए भी पुलिस एवं प्रशासन ने अपने जवानों को मुस्तैद कर दिया है ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की अव्यवस्था या कोई श्रद्धालु परेशान न होवे।















